
संत निरंकारी मिशन का आशीर्वाद: प्रेस क्लब महानगर रुड़की रजि. की नई कार्यकारिणी का भव्य सम्मान समारोह, पदाधिकारियों को मिला सौहार्द का संदेश..

रुड़की। प्रेस क्लब महानगर रुड़की रजि. की नवगठित कार्यकारिणी को शनिवार देर शाम उस समय विशेष सम्मान प्राप्त हुआ,
जब संत निरंकारी मिशन, बीएसएम चौक आश्रम की ओर से क्लब की नई टीम का स्वागत और आशीर्वाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन सौहार्द, सेवा और सहयोग की उस परंपरा का प्रतीक रहा, जिसके लिए संत निरंकारी मिशन सदैव अग्रसर रहता है।

कार्यक्रम के दौरान मिशन से जुड़े पदाधिकारियों ने क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा, महामंत्री मोनू शर्मा, उपाध्यक्ष आरिफ नियाज़ी, सचिव सलमान मलिक, कार्यकारिणी सदस्य चौ. अनवर राणा, प्रवेज़ आलम, विशाल यादव सहित सभी पदाधिकारियों को गुलाब का फूल भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

मिशन प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं और सकारात्मक पत्रकारिता ही समाज को मार्गदर्शन प्रदान करती है। उन्होंने नई टीम को विश्वास दिलाया कि मिशन हर उस सामाजिक कार्य में सहयोग के लिए तत्पर रहेगा, जिससे समाज में सद्भावना और भाईचारा बढ़े।
क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने सम्मान के लिए संत निरंकारी मिशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि— “प्रेस क्लब की नई टीम समाजहित में रचनात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाएगी। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, सार्थक और जनमानस की समस्याओं को उजागर करने वाली पत्रकारिता को मजबूती देना है।
”वहीं महामंत्री मोनू शर्मा ने कहा— “संत निरंकारी मिशन द्वारा मिला यह सम्मान हम सबके लिए प्रेरणा है। हम सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करेंगे और क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा। ”कार्यक्रम में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी मिशन के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी और अधिक बढ़ाता है। इस अवसर पर मिशन के पदाधिकारियों ने क्लब की नई कार्यकारिणी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और समाज में समन्वय, सद्भाव और सेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।









