मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की सक्रिय भूमिका के चलते मां मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण एवं मार्ग के पुनर्निर्माण कार्यों को भारत सरकार की मंजूरी मिल गई है। इससे मां मनसा देवी के दर्शन करने आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा अब और अधिक सुगम व सुरक्षित हो सकेगी।
ज्ञातव्य है कि वर्षा एवं भू-स्खलन के कारण मनसा देवी पैदल मार्ग कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने तत्काल शासन को पत्र प्रेषित कर राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमति हेतु पहल की थी। मुख्यमंत्री धामी के विशेष प्रयासों से राजाजी नेशनल पार्क रिज़र्व वन क्षेत्र में कार्यों की अनुमति राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 85वीं बैठक में प्रदान की गई।
डीएम मयूर दीक्षित ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को निर्देशित किया है कि पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा—
“मां मनसा देवी हरिद्वार की पहचान हैं, उनका मार्ग सुरक्षित और सुदृढ़ रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
Oplus_131072
सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता ने बताया कि कार्यों के लिए भारत सरकार से ₹156.48 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई है। डीएम मयूर दीक्षित के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हिल ट्रीटमेंट व पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं, जिससे पहाड़ी क्षेत्र का संरक्षण और कटाव पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
हरिद्वार प्रशासन की तत्परता और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में मां मनसा देवी क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों की स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं द्वारा भारी सराहना की जा रही है।