अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज रानीखेत तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व अभिलेखों, नागरिक सेवाओं, भूमि विवादों के निस्तारण एवं तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही रजिस्टरों, दाखिल-खारिज अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की भी बारीकी से जांच की।

डीएम अंशुल सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से ही जिले में लगातार ताबड़तोड़ निरीक्षण की श्रृंखला जारी है। उनके सख्त और सक्रिय प्रशासनिक रवैये से विभागों में कर्मठता और पारदर्शिता का नया संदेश जा रहा है।









